के. के. ठाकुर/औट। औट टनल के थलौट छोर पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। यहां पहाड़ी से आए दिन पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद यात्रियों के इंतजार के लिए बनाया गया रेन शेल्टर क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा है। ऐसे में सैंज और बंजार की ओर जाने वाली बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को हर समय किसी अनहोनी का खतरा बना रहता है।
पहाड़ी से गिरने वाले पत्थरों की चपेट में आने के कारण टनल के छोर पर बना रेन शेल्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसकी छत पर लगी चादरें भी टूट चुकी हैं, जिससे यह ढांचा अब यात्रियों को पहले जैसी सुरक्षा देने की स्थिति में नहीं है। चिंता की बात यह है कि शेल्टर के ठीक ऊपर करीब 90 डिग्री के सीधे कोण वाली खड़ी पहाड़ी है, जहां से पत्थर तेज रफ्तार से नीचे गिरते हैं। पूर्व में भी पत्थर गिरने की घटनाओं में कई वाहनों को नुकसान पहुंच चुका है।
बसों के इंतजार में जोखिम उठाने को मजबूर यात्री
सैंज और बंजार की ओर जाने वाले यात्री इसी स्थान पर उतरते हैं और आगे की बसों का इंतजार करते हैं। बारिश और धूप से बचने के लिए यात्रियों को मजबूरन इसी जर्जर रेन शेल्टर के नीचे खड़ा होना पड़ता है। ऐसे में यात्रियों के लिए यह सुविधा राहत देने के बजाय चिंता का कारण बनती जा रही है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
समय रहते कदम उठाने की मांग
स्थानीय लोगों ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं होने और रेन शेल्टर क्षतिग्रस्त होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नजर नहीं आया है। लोगों का मानना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते इस समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि थलौट टनल के छोर का जल्द निरीक्षण करवाया जाए और यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही पुराने और जर्जर रेन शेल्टर को हटाकर सुरक्षित स्थान पर मजबूत कंक्रीट का नया शेल्टर बनाया जाए, ताकि बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को सुरक्षित सुविधा मिल सके।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs