Breaking News

2027 के रण से पहले द्रंग में ज्योति कपूर ने तेज की सियासी घेराबंदी, भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार

जनसंपर्क अभियान के जरिए क्षेत्र में बना रहे मजबूत पकड़, दिन-रात जनता के बीच सक्रिय; बोले- पार्टी ने मौका दिया तो द्रंग जीतकर भाजपा की झोली में डालूंगा

मंडी। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में अभी वक्त जरूर है, लेकिन द्रंग विधानसभा क्षेत्र में सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। भाजपा के युवा नेता एवं प्रदेश किसान मोर्चा के महासचिव ज्योति कपूर की लगातार बढ़ती सक्रियता इन दिनों क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान चलाकर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे ज्योति कपूर को भाजपा की ओर से टिकट के प्रबल दावेदारों में गिना जा रहा है। वह लम्बे समय से संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।

द्रंग विधानसभा क्षेत्र की सियासत हमेशा से दिलचस्प रही है। लंबे समय तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर का इस क्षेत्र में दबदबा रहा, लेकिन वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के जवाहर ठाकुर ने उन्हें हराकर राजनीतिक समीकरण बदल दिए थे। इसके बाद वर्ष 2022 के चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प हो गया, जब कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्ण चंद ठाकुर ने कड़े मुकाबले में कौल सिंह ठाकुर को पराजित कर दिया।

अब 2027 के चुनावों को लेकर दोनों प्रमुख दलों में संभावित चेहरों और टिकट की दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज होने लगी हैं। कांग्रेस की ओर से कौल सिंह ठाकुर एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरेंगे या पार्टी किसी नए चेहरे को मौका देगी, इस पर अभी संशय बना हुआ है। दूसरी ओर भाजपा में ज्योति कपूर की सक्रियता ने टिकट की दौड़ को चर्चा में ला दिया है। संगठन में जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ वह क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं और लोगों के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं।

ज्योति कपूर से जब उनकी चुनावी तैयारियों और भाजपा टिकट की दावेदारी को लेकर बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह दिन-रात जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं तथा उन्हें जनता का भरपूर प्रेम व समर्थन मिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वह द्रंग विधानसभा सीट से भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार हैं। पार्टी नेतृत्व का आशीर्वाद और समर्थन मिला तो वह पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे और द्रंग सीट जीतकर भाजपा की झोली में डालेंगे।

बहरहाल, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले द्रंग में ज्योति कपूर की बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक चर्चाओं को गर्मा दिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर रहेंगी कि भाजपा नेतृत्व द्रंग में युवा चेहरे पर दांव खेलता है या किसी अन्य दावेदार को चुनावी मैदान में उतारता है।

73 0
Published On : 23 November 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs