नगवाई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगवाई में आयोजित एनएसएस शिविर का मंगलवार को समापन हो गया। इस शिविर में विद्यालय के 40 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने समाज सेवा, स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
समापन समारोह में विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य रहमत अली चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य रमेश भारद्वाज, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी पदम ठाकुर, मीनाक्षी, हितेश कुमार व विद्यालय स्टाफ और स्वयंसेवियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रहमत अली चौहान और विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश भारद्वाज ने दीप प्रज्वलित कर तथा एनएसएस के लक्ष्य गीत के साथ किया। इस अवसर पर एनएसएस इकाई की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों और स्वयंसेवियों द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी मुख्य अतिथि के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज सेवा, स्वच्छता, अनुशासन और सामुदायिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
मुख्य अतिथि रहमत अली चौहान ने स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिविर के दौरान सीखे गए सेवा भाव, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा समाज के हित में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
समारोह के दौरान शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश भारद्वाज ने मुख्य अतिथि रहमत अली चौहान का बहुमूल्य समय देने और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सात दिवसीय शिविर के सफल आयोजन के लिए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों और सभी स्वयंसेवियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs