Breaking News

परिसीमन से बदलेगा हिमाचल का सियासी भूगोल, लोकसभा की 6 और विधानसभा की 102 सीटें संभावित

2029 के चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी, मंडी-कांगड़ा समेत कई संसदीय क्षेत्रों के चुनावी समीकरण बदलने के आसार

नई दिल्ली/शिमला। देश की चुनावी व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी के बीच हिमाचल प्रदेश का सियासी भूगोल भी बदलने जा रहा है। केंद्र सरकार के परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश में लोकसभा की सीटें चार से बढ़कर छह और विधानसभा की 68 से बढ़कर 102 होने का अनुमान है। वहीं, वर्ष 2029 के आम चुनाव से महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का प्रस्ताव है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। प्रस्ताव के तहत राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी वृद्धि और राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात को वर्ष 2051 तक बरकरार रखने की बात कही गई है। महिला आरक्षण का प्रावधान वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत किया गया था।


मंडी-कांगड़ा समेत बदलेंगे चुनावी समीकरण

परिसीमन के बाद हिमाचल के मंडी और कांगड़ा संसदीय क्षेत्रों सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की सीमाओं में भी बदलाव संभव है। मंडी संसदीय क्षेत्र वर्तमान में छह जिलों के 17 विधानसभा क्षेत्रों में फैला है। सीटों की संख्या बढ़ने से नए विधानसभा क्षेत्र अस्तित्व में आ सकते हैं और पुराने चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। प्रस्तावित आंकड़ों के अनुसार प्रदेश की 102 विधानसभा सीटों में करीब 34 और छह लोकसभा सीटों में दो सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।


ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर बोले- सीटें बढ़ाने के बजाय मौजूदा सीटों पर मिले महिलाओं को आरक्षण

कारगिल युद्ध के नायक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर ने परिसीमन के तहत सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं को मौजूदा लोकसभा सीटों में ही 33 फीसदी आरक्षण दिया जाना चाहिए। जनता पर अतिरिक्त बोझ डालकर सीटों की संख्या बढ़ाने की मौजूदा हालात में कोई जरूरत नहीं है। उनकी इस प्रतिक्रिया ने महिला आरक्षण के साथ लोकसभा की सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs