मनाली। कैलाश बौद्ध स्कूल में गुरुवार को वार्षिक समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में प्रगतिशील बागबान नकुल खुल्लर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूल पहुंचने पर प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनका फूल-मालाओं और पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
वार्षिकोत्सव के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। लोक नृत्य, पहाड़ी नाटी, समूह गान, नाटक और भाषण सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे स्कूल परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
समारोह के दौरान पढ़ाई, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि नकुल खुल्लर ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और अभिभावकों ने भी बच्चों की उपलब्धियों पर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नकुल खुल्लर ने कहा कि कैलाश बौद्ध स्कूल के वार्षिकोत्सव में शामिल होकर उन्हें बेहद खुशी हुई है। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों को देखकर यह स्पष्ट होता है कि पहाड़ के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पढ़ाई के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करें तथा मेहनत और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाएं। आज की मेहनत ही कल सफलता का रास्ता तैयार करती है। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से आगे बढ़ने वाले बच्चे एक दिन अपने माता-पिता, स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना करते हुए बच्चों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के लिए बधाई दी। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में कैलाश विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। स्कूल की प्रधानाचार्य आंग्मो सहित स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाचार्य आंग्मो ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों का समारोह को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs