मंडी। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर ठगों ने बिलासपुर के एक व्यक्ति से करीब 28 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस थाना मंडी ने मामला दर्ज कर अलग-अलग बैंक खातों में ठगी की रकम को होल्ड करवाया। बाद में कोर्ट के आदेश पर 27,56,961 रुपये शिकायतकर्ता को वापस दिलवा दिए गए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 12 सितंबर को उसे फोन आया। ठगों ने कहा कि उसके नाम से दूसरी सिम निकाली गई है, जिसका इस्तेमाल एक बैंक खाता खोलने में हुआ है। उस खाते से करोड़ों का फ्रॉड हुआ है और नरेश गोयल नाम का व्यक्ति गिरफ्तार है।
शुरुआत में शिकायतकर्ता ने किसी भी तरह का सिम या बैंक खाता होने से मना कर दिया। इसके बाद ठगों ने खुद को नकली पुलिस अफसर बताकर सुप्रीम कोर्ट और ईडी के नकली समन भेज दिए। जान न होने के कारण शिकायतकर्ता डर गया और कई दिनों तक घर में ही डिजिटल अरेस्ट में रहा। इसी दौरान ठगों ने संपत्ति सीज करने के नाम पर उससे करीब 28 लाख रुपये भिजवा लिए।
ठगी का अहसास होने पर शिकायतकर्ता ने तुरंत साइबर क्राइम पुलिस थाना मंडी में शिकायत दी। इस पर थाना में 5 अक्तूबर को FIR संख्या 15/26, धारा 318(4), 319(2) BNS व 66D IT Act के तहत मामला दर्ज किया गया।
साइबर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि भारतीय कानून में डिजिटल अरेस्ट का कोई प्रावधान नहीं है। भारत या राज्य सरकार का कोई भी विभाग या कोर्ट कभी भी चल-अचल संपत्ति को डिजिटली अपने कब्जे में नहीं लेता। किसी भी संदिग्ध ई-मेल, अनचाहे लॉगिन या भुगतान विवरण में गड़बड़ी दिखे तो तुरंत संबंधित बैंक और साइबर क्राइम पुलिस को सूचित करें या 1930 पर कॉल करें।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs